बस्ती महोत्सव का हुआ आगाज, विधानसभा अध्यक्ष ने किया शुभारंभ

बस्ती महोत्सव का हुआ आगाज, विधानसभा अध्यक्ष ने किया शुभारंभ


उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष हृदय नरायन दीक्षित ने कहा कि विश्व में भारत विशेष दर्शन व संस्कृति से विकसित राष्ट्र है। हमारा देश प्राचीन काल से उत्सवधर्मी है। सभी पूर्णिमा और अमावस्या को त्योहार मनाते हैं। हमारी सभी शक्तियां ऋतु व्यवस्था के अधीन काम करती हैं। इसका देवता भी अनुपालन करते हैं। यही वजह है कि हमारी संस्कृति हर पल उत्सव का अहसास कराती है। 
सांसद हरीश द्विवेदी ने कहा कि बस्ती के महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डालने के लक्ष्य के साथ पिछले साल ‘बस्ती महोत्सव’ की शुरूआत हुई थी। पहले ही आयोजन में सफलता का झंडा बुलंद हुआ। महोत्सव ने सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया। स्थानीय प्रतिभाओं को मंच दिया। हम सभी बस्तीवासी मिलकर आयोजन को सफल बनाएंगे। 


विधायक सदर दयाराम चौधरी, हर्रैया अजय सिंह, महादेवा रवि सोनकर, विधायक मिल्कीपुर गोरखनाथ बाबा, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश शुक्ल ने जिले के महत्व और बस्ती महोत्सव की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। अयोध्या से लेकर गोरखपुर के बीच के क्षेत्र को पौराणिक बताते हुए वक्ताओं ने जिले की महत्ता को बताया। एमएलसी देवेन्द्र प्रताप सिंह ने बस्ती के विकास के लिए एक वीजन तैयार करने का आह्वान किया। 


डीएम आशुतोष निरंजन ने महोत्सव की प्रस्तावना रखते हुए अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने पौराणिक काल से लेकर आज के बस्ती के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह महोत्सव जिले की उसी महिमा को जन-जन के साथ विश्व पटल पहुंचाने का सार्थक प्रयास है। इस दौरान आईजी रेंज आशुतोष कुमार, एसपी हेमराज मीणा, सीडीओ अरविन्द कुमार पांडेय, एडीएम रमेशचंद्र, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट पीसी मीणा, एसडीएम सदर श्रीप्रकाश शुक्ल आदि मौजूद रहे।